बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में घर के पार्किंग स्थल से स्कूटी चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई जुपिटर स्कूटी क्रमांक CG 12 BG 4539 बरामद की गई है, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है।
मामले में प्रार्थिया मंजू जगत ने 24 नवंबर 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने रात करीब 1:30 बजे अपनी स्कूटी किराये के मकान की पार्किंग में खड़ी की थी। सुबह उठने पर स्कूटी गायब मिली। शिकायत पर अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लक्ष्मण यादव (25 वर्ष), निवासी दर्रीपारा, जिला सूरजपुर, वर्तमान निवासी मंगला चौक, चोरी की स्कूटी लेकर घूम रहा है और उसे बेचने का प्रयास कर रहा है।
सूचना पर सिविल लाइन पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की स्कूटी बरामद कर विधिवत जब्त की और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
