बिलासपुर। दीपावली पर्व पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए बिलासपुर यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था बनाई है। सदर बाजार, गोल बाजार, हटरी चौक, शनिचरी बाजार और तेलीपारा रोड सहित प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार यातायात डायवर्सन, नो पार्किंग और नो एंट्री व्यवस्था लागू की जाएगी। शहर के व्यस्त चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में अधिकारियों ने शहर के प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था तैयार की है।

यातायात पुलिस ने गांधी चौक, पुराना बस स्टैंड, वाल्मीकि चौक, सिम्स तिराहा, रामसेतु चौक और हैप्पी स्ट्रीट मार्ग को संभावित डायवर्सन स्थल के रूप में चिन्हित किया है। वहीं, मल्टीलेवल पार्किंग कोतवाली चौक, लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान, हैप्पी स्ट्रीट, नई रिवर व्यू, बाजपेयी मैदान और लखीराम ऑडिटोरियम के बेसमेंट सहित अन्य स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। दुकानदारों, ठेला-गुमटी संचालकों और फुटकर व्यापारियों को मुख्य सड़कों पर सामान फैलाकर दुकान नहीं लगाने तथा ग्राहकों के लिए पर्याप्त जगह छोड़ने की हिदायत दी गई है।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और बाजार में खरीदारी के लिए सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने की अपील की है। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, गलत दिशा में वाहन चलाने और दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने से बचने की हिदायत दी है।

मुख्य सड़कों पर पटाखे नहीं फोड़ने और पटाखा दुकानें केवल नगर प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर सुरक्षा मानकों के अनुरूप लगाने की अपील की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भीड़ के अनुसार तत्काल मार्ग परिवर्तन किया जा सकता है, इसलिए वाहन चालक यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
