बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के सूर्या चौक चिंगराजपारा के पास धारदार चाकू लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने के मामले में पुलिस ने एक युवक और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा है। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों को हिरासत में लिया। आरोपी की पहचान पप्पू यादव (24 वर्ष), निवासी लक्ष्मी चौक चिंगराजपारा, सरकंडा के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि सूर्या चौक के पास एक व्यक्ति हाथ में चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा रहा है और दूसरा उसका सहयोग कर रहा है। सूचना पर तत्काल पहुंची पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पप्पू यादव के कब्जे से करीब 9.5 इंच लंबा स्टील का बटनदार धारदार चाकू बरामद कर जब्त किया गया।
पुलिस ने मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) के तहत कार्रवाई की है। वयस्क आरोपी पप्पू यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य की टीम ने की।
