रायगढ़ पुलिस ने धरमजयगढ़ क्षेत्र के दर्रीडीह-खलबोरा जंगल में जुआ खेल रहे छह आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उईके के नेतृत्व में थाना साइबर, पुलिस लाइन रायगढ़ और धरमजयगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने दबिश देकर यह कार्रवाई की। मौके से ₹22,180 नकद, सात मोबाइल फोन और चार मोटरसाइकिल सहित कुल ₹3,22,180 की संपत्ति जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित केरकेट्टा (30), स्वरूप टोप्पो (22), जोगेंद्र एक्का (40), वृंदावन गुप्ता (35), सुरेश सारथी (36) और नारायण बाईन (50) के रूप में हुई है। सभी को 52 पत्ती ताश से जुआ खेलते पकड़ा गया। जब्त मोटरसाइकिलों में तीन वाहन क्रमांक CG 13 BC 4286, CG 13 AM 3427 और CG 13 AR 5149 शामिल हैं, जबकि एक बिना नंबर की डिस्कवर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
मामले में थाना धरमजयगढ़ में अपराध क्रमांक 337/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) में कार्रवाई की गई। इसके अलावा सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा।
