रायगढ़ में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने ढिमरापुर चौक के पास एक युवक को 47 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सिल्वर रंग की ब्रेजा कार में अफीम रखकर ग्राहक की तलाश कर रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अफीम और कार सहित कुल 8.10 लाख की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी के निर्देश पर उप निरीक्षक विजय कुमार एक्का के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर अमरजीत सिंह (20), निवासी रामभांठा, जगतपुर, रायगढ़ को पकड़ा। तलाशी के दौरान कार की चालक सीट के नीचे काली प्लास्टिक की पन्नी में 47 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब ₹10 हजार बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अफीम एक ट्रक चालक से खरीदने की बात कही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(ग) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई रायगढ़ पुलिस के “ऑपरेशन आघात” के तहत की गई। कार्रवाई में उप निरीक्षक विजय कुमार एक्का, प्रधान आरक्षक हेमंत चंद्रा, आरक्षक गणेश राठिया, ओसनिक विश्वाल, नवधा प्रसाद भैना और महिला आरक्षक हेमलता एक्का की भूमिका रही। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और आम नागरिकों से ऐसी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की।
