बिलासपुर। शहर में अब चोरों की नजर सरकारी योजनाओं के तहत घरों तक पहुंचाई गई सुविधाओं पर भी पड़ने लगी है। हेमू नगर क्षेत्र में रविवार को चोरों ने मिशन अमृत योजना के तहत लगाए गए पानी के मीटरों को निशाना बनाया। रेलवे ईस्ट केबिन के पास और बजाज कॉलोनी क्षेत्र में करीब 15 से 20 घरों के बाहर लगे पानी के पाइप काटकर मीटर चोरी कर लिए गए। वारदात के बाद कई घरों की पाइपलाइन खुली रह गई और लोगों में दहशत का माहौल है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, तीन संदिग्ध युवक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। आशंका है कि इन्हीं युवकों ने अलग-अलग घरों के बाहर लगे पाइप काटकर पानी के मीटर निकाले और मौके से फरार हो गए। मीटर चोरी होने से जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने के साथ पानी की बर्बादी का भी खतरा पैदा हो गया है। मामले की सूचना नगर निगम, स्थानीय पार्षद बी. वल्लभ राव और उनके प्रतिनिधि ए. वेंकट को देने के साथ तोरवा थाने में शिकायत भी की गई है।

स्ट्रीट लाइट के बाद अब अमृत मिशन की संपत्ति निशाने पर
हेमू नगर में चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि इससे पहले क्षेत्र में दर्जनभर से अधिक स्ट्रीट लाइट भी चोरी हो चुकी हैं।

अब पानी के मीटर चोरी होने से सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। नागरिकों ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर कार्रवाई करने तथा चोरी के सामान की बिक्री की आशंका को देखते हुए कबाड़ कारोबारियों पर भी निगरानी बढ़ाने की मांग की है। साथ ही नगर निगम से प्रभावित घरों की पाइपलाइन और जलापूर्ति व्यवस्था जल्द बहाल करने की मांग की गई है।
