बिलासपुर। नाबालिग बच्ची का गर्भपात कराने और भ्रूण को महत्वपूर्ण साक्ष्य जानते हुए अरपा नदी में नष्ट करने के गंभीर मामले में तोरवा पुलिस ने महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह (43) को गिरफ्तार किया है। विवेचना में सामने आया कि डॉक्टर को पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी थी, इसके बावजूद उसने गर्भपात कराया। इतना ही नहीं, गर्भपात के बाद भ्रूण को साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से अरपा नदी में नष्ट करने और नाबालिग के साथ हुए अपराध की जानकारी पुलिस को नहीं देने का भी आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, बुधवारी निवासी गणेश सोनी (30) ने शादी का झांसा देकर दिसंबर 2023 से नाबालिग पीड़िता के साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई। आरोप है कि इसके बाद महिला डॉक्टर की सहायता से अस्पताल में उसका गर्भपात कराया गया। मामले में गणेश सोनी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। महिला डॉक्टर की भूमिका की जांच के दौरान महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने पर 13 नवंबर 2026 को उसे गिरफ्तार किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में तोरवा पुलिस ने कार्रवाई की। गिरफ्तार महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह, निवासी उसलापुर को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
