बिलासपुर। नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर अपने घर ले जाकर बार-बार शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में सिटी कोतवाली पुलिस ने 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राज केंवट (20 वर्ष), निवासी कतियापारा, बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, बालिका की आरोपी से करीब तीन साल पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से पहचान हुई थी। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी। आरोपी अपनी एक्टिवा से उसे स्मृति गार्डन सरकंडा और खुंटाघाट घुमाने भी ले जाता था।
परिजनों की शिकायत के बाद मामले की जांच में सामने आया कि आरोपी ने 7 फरवरी 2026 को पहली बार बालिका को अपने घर ले जाकर शारीरिक संबंध बनाए थे। इसके बाद भी कई बार ऐसा करने और 5 नवंबर 2026 को दोबारा अपने घर ले जाने का आरोप है। परिजनों की रिपोर्ट पर 13 नवंबर को थाना सिटी कोतवाली में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस के मुताबिक, बालिका ने अपने बयान में आरोपी द्वारा नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने की बात कही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने बताई है। विधिवत गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
