बिलासपुर। ग्राम झलफा में लक्ष्मी विसर्जन के दौरान झगड़ा-विवाद कर अशांति फैलाने वाले सात लोगों के खिलाफ हिर्री पुलिस ने त्वरित प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने सभी सातों को गिरफ्तार कर कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया। कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में हरीष साहू उर्फ मैडी (23), संदीप साहू (24), कृषदास मानिकपुरी (18), विशाल साहू (18), अमन दास मानिकपुरी (21), ओमदास मानिकपुरी (21) और नारायण यादव (28), सभी निवासी ग्राम झलफा शामिल हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा तथा थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा और पीएसआई उषा निषाद के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने या कानून व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
