रायगढ़ में दीपावली की रात पटाखे फोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद अगले दिन गंभीर मारपीट और अपहरण तक पहुंच गया। युवक के घर में घुसकर मारपीट करने और जबरन कार में बैठाकर ले जाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने फरार आरोपी दीप अग्रवाल (26 वर्ष), निवासी विकास नगर, कोतरारोड़ को गिरफ्तार किया है। आरोपी घटना में शामिल था और मारपीट का वीडियो भी बनाया था। पुलिस ने वीडियो बनाने में इस्तेमाल किया गया ओप्पो मोबाइल फोन जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी को
न्यायालय में पेश करने के बाद रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर की रात सिग्नल चौक के पास पटाखे फोड़ने के दौरान निमिश अग्रवाल (18 वर्ष) और उसके साथी आकर्ष शर्मा का हनी अग्रवाल, अरुण शर्मा, लक्ष्य शुक्ला व अन्य युवकों से विवाद हो गया था। आरोप है कि अगले दिन सुबह अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल, लक्ष्य शुक्ला और दीप अग्रवाल सफेद ऑल्टो कार से निमिश के घर पहुंचे और जबरन घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसे कार में बैठाकर बोईरदादर स्टेडियम के आगे एचपी गैस एजेंसी के पास ले गए, जहां दोबारा मारपीट की गई। घटना का वीडियो भी बनाया गया और बाद में युवक को हण्डी चौक के पास छोड़कर आरोपी फरार हो गए।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दीप अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। मामले में अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल और लक्ष्य शुक्ला अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। आरोपी की गिरफ्तारी में प्रशिक्षु डीएसपी एवं थाना प्रभारी अजय नागवंशी, निरीक्षक अमित तिवारी, एसआई ऐनु देवांगन, एएसआई कोसो जगत सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
