बिलासपुर। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में 16 नवंबर को बिलासपुर में जनजातीय गौरव दिवस भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर विशाल शोभायात्रा और आमसभा का आयोजन होगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन में 8 से 10 हजार लोगों के जुटने का अनुमान है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।

जनजातीय गौरव दिवस आयोजन समिति बिलासपुर के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की जानकारी बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में श्रीमती वंदना उइके ने दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत आदिवासी बालक छात्रावास स्थित बूढ़ा देव स्थल पर पूजा-अर्चना से होगी। इसके बाद जरहाभाठा से विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो नेहरू चौक, सदर बाजार और गोल बाजार होते हुए लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान पहुंचेगी। यहां शोभायात्रा विशाल आमसभा में परिवर्तित होगी।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, मंत्री रामविचार नेताम एवं केदार कश्यप सहित अनेक जनप्रतिनिधि और सामाजिक पदाधिकारी शामिल होंगे। आमसभा में जनजातीय समाज की विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को मांगपत्र सौंपा जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री समाज के प्रमुख प्रतिनिधियों से सीधा संवाद भी करेंगे। आयोजन समिति के अनुसार तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और सभा स्थल पर मंच निर्माण का कार्य जारी है। समिति ने जनजातीय समाज सहित सभी नागरिकों से इस गौरवपूर्ण आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
