बिलासपुर। बाल दिवस के अवसर पर सेजेस लाला लाजपत राय विद्यालय में आयोजित आनंद मेला बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और उमंग का अनूठा संगम बन गया। विद्यालय परिसर में सजे खान-पान के स्टॉल, मनोरंजक खेल और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।

बच्चों ने न केवल अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, बल्कि मेले के आयोजन और स्टॉल संचालन की जिम्मेदारी संभालकर आत्मनिर्भरता एवं सामूहिक सहभागिता का परिचय भी दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या श्रीमती अनामिका तिवारी ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ किया। पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक शैलेन्द्र सिन्हा एवं प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक श्रीकांत चतुर्वेदी ने बच्चों को बाल दिवस के महत्व और देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन एवं आदर्शों की जानकारी दी। इसके बाद कक्षा छठवीं की छात्रा आराध्या दुबे ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज किया। आनंद मेले में गुपचुप, समोसा, भेल, कोल्ड ड्रिंक, वेज मंचूरियन और साबूदाना बड़ा सहित विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए। वहीं लाभांश शराफ के मेहंदी स्टॉल ने विशेष आकर्षण बटोरा।

आयोजन को सफल बनाने में शिक्षिका सरिता सराफ, रिचा तिवारी, करुणाश्री, श्वेता साहू, श्रद्धा सुषमा, अनुपमा बाजपेयी, सावित्री नायक, नरेंद्र, स्वाति ध्रुव एवं तनुप्रिया ताम्रकार ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। शिक्षिका सरिता सराफ ने बच्चों के साथ ‘दिल है छोटा सा’ गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उनका उत्साह बढ़ाया।

अन्य शिक्षिकाओं ने भी गीत और नृत्य के माध्यम से बच्चों का हौसला बढ़ाया। लीना गजेबिया, राजी गुप्ता, जयललिता, पामेला डे, तुलिका सिंह, स्वाति वर्मा, नीतू सिंह, पूर्णिमा सिंह, रामेश्वरी राव, शिप्रा पाल, ओम सोनवानी, भाग्यश्री एवं आरती सिंह सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं का भी सराहनीय योगदान रहा।

समापन पर प्राचार्या अनामिका तिवारी ने सभी बच्चों को चॉकलेट और पेन वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
