बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में घर में घुसकर सोने की माला चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अमन श्रीवास्तव उर्फ बिल्लू (27 वर्ष), निवासी बंधवापारा सरकंडा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गई 50 हजार रुपये कीमत की सोने की मनचली (माला) शत-प्रतिशत बरामद कर ली है।
मामले में प्रार्थिया सोनम श्रीवास्तव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 नवंबर की रात उसने अपनी सोने की माला अलमारी में रखी थी, जो 12 नवंबर को गायब मिली। शिकायत पर अपराध दर्ज कर सरकंडा पुलिस ने जांच शुरू की। संदेही अमन श्रीवास्तव से पूछताछ में चोरी करना स्वीकार करने की बात सामने आई। आरोपी ने चोरी की माला अपने घर में तकिए के अंदर छिपाकर रखी थी, जिसे पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके विरुद्ध नौ अन्य प्रकरण भी दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा सीएसपी सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान के नेतृत्व में की गई।
