बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम सेलर में संपत्ति के हिस्से और पुराने पैसों के विवाद में एक बेटे द्वारा अपने ही बुजुर्ग पिता की हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोपी आशाराम केंवट (64 वर्ष) ने 11 नवंबर को अपने पिता विश्राम केंवट से विवाद के दौरान लकड़ी के दरवाजे में लगाने वाले लोहे के हुक से उनके सिर पर कई वार किए और फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना में विश्राम केंवट का आधा शरीर बुरी तरह झुलस गया। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया, जहां रात में उनकी मौत हो गई।
मृतक की बेटी दूरपति बाई रात्रे की रिपोर्ट पर सीपत पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वर्ष 2007 में उसने अपने पिता को 20 हजार रुपये दिए थे। वह रकम वापस मांगने के साथ जमीन में हिस्सा देने की मांग कर रहा था। पिता द्वारा इनकार करने और उसे अपना बेटा नहीं कहने से नाराज होकर उसने हत्या की नीयत से हमला किया। पुलिस ने आरोपी को ग्राम बरेली से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया तथा हत्या में प्रयुक्त लोहे का हुक बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए थे।
