बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारी में भाई दूज मनाकर लौट रहे दो भाइयों के साथ मारपीट कर मोबाइल लूटने के मामले में कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को प्रथम सूचना पत्र दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। घटना 12 नवंबर की रात करीब 10 बजे चक्राकुंड मोड़ के पास की है। दर्रिकापा निवासी महेंद्र कुमार पोर्ते अपने बड़े पिताजी के लड़के के साथ बिलासपुर से मोटरसाइकिल पर लौट रहे थे। इसी दौरान तीन युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उनके भाई के साथ लात-घूंसों से मारपीट करने लगे।
बीच-बचाव करने पहुंचे महेंद्र के साथ भी बेल्ट से मारपीट की गई। इसके बाद आरोपी दोनों भाइयों के मोबाइल फोन लूटकर जान से मारने की धमकी देते हुए गनियारी बस्ती की ओर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कुनानू वर्मा उर्फ नानू वर्मा (27 वर्ष), निवासी वर्मा मोहल्ला गनियारी और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा गया। उनके कब्जे से लूटे गए दोनों मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, प्रभारी उप निरीक्षक नागेश्वरी साहू, उप निरीक्षक कमल नारायण शर्मा, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव तथा आरक्षक धर्मेंद्र साहू, सुनील पटेल, दीप सिंह कंवर एवं विनोद यादव की विशेष भूमिका रही।
