बिलासपुर के थाना तोरवा क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती का लगातार दैहिक शोषण करने के आरोप में पुलिस ने अंबिकापुर से आरोपी सुरेन्द्र कुमार पटेल को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांधी नगर, अंबिकापुर जिला सरगुजा निवासी सुरेन्द्र कुमार पटेल पिता शीतल प्रसाद पटेल के रूप में हुई है, जिसका स्थायी निवास रेवटी जिला सूरजपुर बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता निवासी जमनीपाली, कटघोरा जिला कोरबा ने 30 सितंबर 2026 को थाना तोरवा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बिलासपुर से रायपुर आने-जाने के दौरान उसकी पहचान सुरेन्द्र पटेल से हुई। इसके बाद आरोपी ने शादी का झांसा देकर लगातार उसका दैहिक शोषण किया। शिकायत पर अपराध क्रमांक 533/2026, धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में तोरवा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का लोकेशन तलाशा और टीम अंबिकापुर रवाना की। पुलिस ने 13 नवंबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। कार्रवाई में निरीक्षक विवेक कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में सहायक उपनिरीक्षक देवेन्द्र तिवारी, आरक्षक अजय शर्मा एवं अखिलेश का विशेष योगदान रहा।
