बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से शुरू होने वाली समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से पहले बिलासपुर जिला प्रशासन ने अवैध धान संग्रहण और कारोबार के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमों ने जिले के सात ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई करते हुए कुल 200.40 क्विंटल धान जब्त किया है। कार्रवाई का उद्देश्य उपार्जन केंद्रों में अनधिकृत धान खपाने की कोशिशों पर रोक लगाना है।

संयुक्त टीम ने चकरभाठा के नानक ट्रेडर्स से 28 क्विंटल, श्री कृष्णा धान भंडार से 24 क्विंटल, कोटा की श्रीराम राइस मिल से 50.40 क्विंटल, ग्राम गतौरा के अमर किराना स्टोर्स से 28 क्विंटल, बेलगहना के विशेष ट्रेडर्स से 24 क्विंटल, ग्राम किरारी के राम गोपाल किराना स्टोर्स से 26 क्विंटल तथा मझवानी, दारसागर स्थित पप्पू किराना स्टोर से 20 क्विंटल धान जब्त किया। सभी मामलों में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी के दौरान अनधिकृत धान खपाने, अवैध संग्रहण और कारोबार करने वाले व्यापारियों एवं संस्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
