बिलासपुर। कम समय में छह साल के भीतर रकम दोगुनी करने का लालच देकर ग्रामीणों से करीब 24 लाख रुपये जमा कराने और कंपनी बंद कर फरार होने के मामले में मोपका पुलिस ने कंपनी के डायरेक्टर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने वर्ष 2012-13 में प्रीवेल फूड प्रोडक्ट एंड प्रॉपर्टीज लिमिटेड के नाम से चिटफंड कंपनी बनाकर प्रार्थी तीरथ राम रात्रे और उसके परिचितों से लाखों रुपये जमा कराए थे।
लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान ताराचंद पाटले, डेरहा प्रसाद, बसंत यादव और रतन लाल कुर्रे को पूछताछ के लिए तलब किया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। उनके कब्जे से कंपनी द्वारा जारी बॉन्ड पेपर, रसीद और पासबुक सहित अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में डेरहा प्रसाद (58), ताराचंद पाटले (56), बसंत यादव (70) और रतन लाल कुर्रे (55) शामिल हैं। सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अभी शेष है।
