बिलासपुर। बिलासपुर रेंज में सालों से फरार चल रहे स्थाई वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए गए एक महीने के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग के निर्देश पर 8 अक्टूबर से 7 नवंबर 2026 तक रेंज के आठ जिलों में चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल 1081 स्थाई वारंटों की तामीली की गई। कार्रवाई में ऐसे वारंटी भी पकड़े गए, जो वर्षों से पुलिस रिकॉर्ड में फरार दर्ज थे।
अभियान के दौरान लंबित वारंटों को अंतर थाना, अंतर जिला, अंतर रेंज और अंतरराज्यीय श्रेणियों में बांटकर आधुनिक तकनीकों की मदद से वारंटियों की तलाश की गई। कई वारंटियों की मृत्यु की जानकारी भी मिली, जिनके मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किए गए। वारंट तामीली में बिलासपुर, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों ने बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि रायगढ़ और कोरबा का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा।
आईजी रामगोपाल गर्ग ने बेहतर प्रदर्शन करने वाली पुलिस टीमों और थानों को पुरस्कृत करने के निर्देश दिए हैं। वहीं कमजोर प्रदर्शन वाले जिलों को सुधार की हिदायत दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह के विशेष अभियान आगे भी चलाए जाएंगे, ताकि लंबे समय से लंबित स्थाई वारंटों की संख्या कम हो और वारंट तामीली के अभाव में न्यायालयों में वर्षों से लंबित मामलों के निराकरण का रास्ता खुल सके।
