बिलासपुर। दिवाली का त्योहार मनाने गांव गए परिवार के सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले आरोपी को मोपका पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अलमारी और लॉकर तोड़कर आर्टिफिशियल ज्वेलरी सहित 17 हजार रुपये नकद चोरी किए थे। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी के आर्टिफिशियल जेवर और 2 हजार रुपये नकद बरामद कर जब्त किए हैं।
मामला रामकृष्ण नगर मोपका का है। प्रार्थी हरिशंकर कश्यप 7 नवंबर को परिवार के साथ दिवाली मनाने अपने गृह ग्राम झाझपुरी, लोरमी गए थे। अगले दिन पड़ोसी ने घर में चोरी होने की सूचना दी। वापस लौटने पर कमरे का सामान बिखरा मिला और अलमारी व लॉकर टूटे हुए थे।
शिकायत पर मोपका चौकी में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर संदेही मोहित ध्रुव उर्फ भूत (20 वर्ष), निवासी भाटापारा मोपका को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर चोरी की आर्टिफिशियल ज्वेलरी और 2 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी की शेष 15 हजार रुपये की रकम उसने खाने-पीने और दिवाली में पटाखे फोड़ने में खर्च कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में मोपका चौकी पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
