बिलासपुर। साइबर ठगी के लिए बैंक खातों का इस्तेमाल करने वाले आरोपियों के खिलाफ सकरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भानूप्रताप मानिकपुरी (32) निवासी ग्राम पुटपुरा, जिला बेमेतरा, हाल मुकाम बछेरापारा तिफरा, बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अधिक लाभ कमाने के लालच में अपने और अन्य लोगों के बैंक खाते उपलब्ध कराकर म्यूल खातों के जरिए ठगी की रकम के लेन-देन में शामिल था।
पुलिस मुख्यालय रायपुर से मिले निर्देशों के बाद पुलिस समन्वय पोर्टल (JMIS) के माध्यम से बैंक ऑफ महाराष्ट्र की सकरी शाखा के एक संदिग्ध खाते की जांच की गई। यह खाता श्रीधाम यात्रा सेवा समिति के नाम पर पंजीकृत था, जिसके विरुद्ध करीब 18 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज मिलीं। मामले में पुलिस पहले ही खाते के प्रोपराइटर उपेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है। विवेचना के दौरान भानूप्रताप की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया।
आरोपी के कब्जे से 1,950 रुपये नकद और ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। बिलासपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि लालच में आकर अपना बैंक खाता किसी अनजान व्यक्ति को उपलब्ध न कराएं और संदिग्ध लेन-देन से बचें।
