बिलासपुर। जंगल और वन संपदा की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले वन विभाग के सरकारी कार्यालय में ही कथित शराब पार्टी का मामला सामने आया है। बिलासपुर वन मंडल के सीपत वन परिक्षेत्र कार्यालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें डिप्टी रेंजर लक्ष्मीकांत गढ़ेवाल के साथ करीब 10 से 15 बाहरी युवक पार्टी करते नजर आ रहे हैं।

वीडियो में डिप्टी रेंजर कार्यालय के रसोईघर में चिकन-मटन बनाते दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ लोग डिस्पोजल गिलास में शराब जैसी दिखने वाली सामग्री लिए बैठे हैं। बताया जा रहा है कि यह घटनाक्रम दीपावली के दूसरे दिन सोमवार का है। सरकारी कार्यालय के भीतर इस तरह की कथित महफिल सजने से विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

सवालों के घेरे में डिप्टी रेंजर का जवाब: वायरल वीडियो में जब डिप्टी रेंजर लक्ष्मीकांत गढ़ेवाल से कार्यालय में चल रही पार्टी को लेकर सवाल किया जाता है, तो वे उल्टा सवाल पूछते नजर आते हैं कि बिना अनुमति अंदर कैसे घुसे और किससे परमिशन लेकर आए हैं।

इतना ही नहीं, संबंधित कमरे को अपना ‘प्राइवेट रूम’ बताते हुए भी सुनाई देते हैं। अब सवाल यह है कि सरकारी कार्यालय के भीतर मौजूद कमरा निजी कैसे हो सकता है? क्या सरकारी परिसर में बाहरी लोगों के साथ इस तरह की गतिविधियों की अनुमति थी?

वरिष्ठ अधिकारियों की चुप्पी पर भी नजर: वायरल वीडियो ने वन विभाग के अधिकारियों की जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि बिलासपुर वन मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मामले की निष्पक्ष जांच कराते हैं या इसे नजरअंदाज कर दिया जाएगा। वीडियो में दिखाई दे रही गतिविधियों की पुष्टि होने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ क्या कार्रवाई होगी? फिलहाल विभाग का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।
