बिलासपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर अरपा नदी स्थित छठ घाट पर तैयारियां तेज हो गई हैं। 13 से 16 नवंबर तक होने वाले आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आयोजन समिति के साथ बैठक कर अधिकारियों ने साफ कर दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

कलेक्टर ने घाट पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, पेयजल, स्वच्छ शौचालय और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए। नदी में गहरे पानी वाले स्थानों पर अवरोधक और चेतावनी संकेत लगाने के साथ प्राथमिक उपचार एवं आपात सहायता की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

वहीं एसएसपी ने भीड़ नियंत्रण, पुलिस निगरानी, यातायात और पार्किंग की पुख्ता व्यवस्था पर जोर दिया, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा ने बताया कि प्रशासन और नगर निगम के सहयोग से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। समिति के स्वयंसेवक श्रद्धालुओं की सहायता और मार्गदर्शन के लिए तैनात रहेंगे।

निरीक्षण के दौरान एडीएम शिवकुमार बनर्जी सहित प्रशासन, पुलिस, नगर निगम के अधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।
