नई दिल्ली/बिलासपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम किए हैं। प्रदेश के बिल्हा नगर पंचायत ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल कर स्वच्छता का परचम लहराया है। खास बात यह है कि बिल्हा ने लगातार दूसरे वर्ष यह उपलब्धि हासिल की है। वहीं बिलासपुर को देश का दूसरा सबसे स्वच्छ रीवर फ्रंट टाउन और रायपुर को छत्तीसगढ़ का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है।
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने तीनों नगरीय निकायों को सम्मानित किया। छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने पुरस्कार ग्रहण किए। इस अवसर पर प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा सहित संबंधित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू भी शामिल हुए। तीन राष्ट्रीय पुरस्कारों के साथ छत्तीसगढ़ ने स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है। विशेष रूप से बिल्हा की लगातार दूसरे साल की राष्ट्रीय उपलब्धि ने छोटे शहरों के लिए एक मिसाल पेश की है।
