बिलासपुर। क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने और सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग करने की आशंका पर सरकंडा पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान सूचना मिली कि कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर विवाद और हुड़दंग कर रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने समझाइश दी, लेकिन उनके नहीं मानने और संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
गिरफ्तार आरोपियों में राहुल कलशा (26), वकील कुरैशी (44), रेहान खान (20), समीर हुसैन (19), दीपक साहू (18) और शनि यादव (19) शामिल हैं। सभी बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र के अलग-अलग मोहल्लों के निवासी हैं। इनके विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने नागरिकों से क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
