बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम चिचिरदा स्थित फार्म हाउस में शादी का प्रलोभन देकर युवती का शारीरिक शोषण करने के आरोप में पुलिस ने 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी दीपेश कौशिक (24), निवासी वार्ड क्रमांक 08 बोदरी, वर्ष 2024 से पीड़िता को शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण कर रहा था।
पीड़िता ने 11 नवंबर 2026 को चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज कराई कि जब उसने आरोपी से शादी करने की बात कही तो उसने उसके साथ मारपीट की। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां पुलिस के अनुसार उसने घटना स्वीकार की।
चकरभाठा पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 एवं 115(2) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
