बिलासपुर। हत्या के प्रयास और बलवा के गंभीर मामले में पांच वर्षों से फरार चल रहे तीन आरोपियों को मल्हार पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर सिरगिट्टी क्षेत्र में घेराबंदी कर ओमप्रकाश कुर्रे, उसके पुत्र लव कुर्रे और राजेश कुर्रे को पकड़ा। तीनों पर आरोप है कि 9 मार्च 2021 को ग्राम बिनेका में रामेश्वर कोसले और अन्य लोगों के साथ हत्या की नीयत से मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाई गई थी। इस मामले में थाना मस्तूरी में अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।
घटना के बाद से ही तीनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार के नेतृत्व में मल्हार पुलिस की विशेष टीम उनकी तलाश कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सिरगिट्टी में आरोपियों की मौजूदगी की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने दबिश देकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के विरुद्ध वर्ष 2018 के अन्य मामलों में लंबित चार स्थाई गिरफ्तारी वारंटों की भी तामिली की गई। तीनों आरोपियों को चौकी मल्हार लाकर वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया।
