बिलासपुर। ग्रामीण महिलाओं को सम्मान, आत्मनिर्भरता और सामाजिक भागीदारी का स्थायी मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने विधानसभा की सभी 64 ग्राम पंचायतों में महतारी सदन अथवा मिनी महतारी सदन निर्माण का संकल्प लिया है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत सेंदरी, मटियारी और गड़वट में महतारी सदन निर्माण के लिए राज्य शासन ने 30-30 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। तीनों पंचायतों में कुल 90 लाख की लागत से भवनों का निर्माण किया जाएगा।
बेलतरा विधानसभा में इस महत्वाकांक्षी अभियान के तहत अब तक 33 ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य पूर्ण, स्वीकृत अथवा प्रक्रियाधीन हैं। इनमें सेमरताल, लगरा, लखराम, गोंदईया और नेवसा में 30-30 लाख की लागत से पांच महतारी सदनों का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं मोहतराई सहित 15 ग्राम पंचायतों में 15.50 लाख की लागत से मिनी महतारी सदन बनकर तैयार हैं। इसके अलावा अकलतरी, बाम्हू, बांका सहित 10 पंचायतों में 15.90 लाख प्रति भवन की लागत से निर्माण स्वीकृत हो चुका है और टेंडर प्रक्रिया जारी है। शेष 31 ग्राम पंचायतों के प्रस्ताव शासन स्तर पर प्रस्तुत किए गए हैं।
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल भवनों का निर्माण कराना नहीं, बल्कि गांव की माताओं और बहनों को ऐसा समर्पित स्थान उपलब्ध कराना है, जहां वे स्व-सहायता समूहों की बैठकें, कौशल प्रशिक्षण, सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियां और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जुड़े कार्य कर सकें। महतारी सदन महिलाओं के संवाद, सहयोग, नेतृत्व विकास और सामाजिक सहभागिता के केंद्र बनेंगे। उन्होंने इस पहल में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।
तीनों पंचायतों में महतारी सदन की स्वीकृति मिलने पर मटियारी के सरपंच सतीश केशर, गड़वट के सरपंच चंद्रशेखर बैसवाड़े और सेंदरी के सरपंच राजेश ध्रुव ने प्रदेश सरकार एवं विधायक के प्रति आभार जताया। इस पहल के माध्यम से बेलतरा विधानसभा में ग्रामीण विकास को महिला सम्मान और सशक्तीकरण से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। लक्ष्य है कि सभी 64 ग्राम पंचायतों में मातृशक्ति को अपना भवन, अपना मंच और विकास में सक्रिय भागीदारी का अवसर मिले।
