बिलासपुर। अरपा नदी का तट, हजारों दीपों की जगमगाहट, डूबते सूर्य की लालिमा और छठी मैया के जयकारों से गूंजता वातावरण… रविवार की शाम तोरवा छठ घाट पर आस्था का ऐसा महासंगम देखने को मिला, जिसने पूरे बिलासपुर को भक्तिमय कर दिया।

चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन हजारों व्रतियों और श्रद्धालुओं की मौजूदगी में अस्ताचलगामी सूर्यदेव को पारंपरिक विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित किया गया। इस बार मौसम पूरी तरह साफ रहने से व्रतियों को सूर्य दर्शन में कोई परेशानी नहीं हुई और श्रद्धालुओं ने निर्बाध रूप से संध्या अर्घ्य की परंपरा निभाई।

सुबह से ही तोरवा छठ घाट पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। दोपहर बाद घाट पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं सिर पर दउरा और हाथों में पूजन सामग्री से सजे सूप लेकर पहुंचीं। फल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ और दीपों से सजे पूजा स्थलों ने घाट की सुंदरता में चार चांद लगा दिए। सूर्यास्त के समय व्रती अरपा के जल में खड़े होकर सूर्यदेव की आराधना में लीन हो गए। दीपों की रोशनी और छठी मैया के जयकारों के बीच अर्घ्य अर्पित करने का दृश्य श्रद्धा, समर्पण और लोकसंस्कृति का अनुपम संगम बन गया। पिछले वर्ष बारिश के कारण सूर्य और चंद्र दर्शन में हुई परेशानी के विपरीत इस बार साफ आसमान ने आयोजन की रौनक और बढ़ा दी।

पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज और सहजानंद समाज के संयुक्त सहयोग से आयोजित यह महापर्व बिलासपुर में 26 वर्षों की सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। शुरुआती दौर में कुछ परिवारों तक सीमित रहने वाला यह आयोजन आज पूरे शहर की साझा आस्था और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बन चुका है। तोरवा घाट की विशालता और सुव्यवस्थित स्थायी व्यवस्था भी इस आयोजन की विशेष पहचान है। सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न होगा। इसके बाद व्रती 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारण करेंगे।

बिलासपुर में छठ महापर्व का सामूहिक आयोजन 26 वर्ष पहले शुरू हुआ था। पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज और सहजानंद समाज ने मिलकर इस परंपरा को आगे बढ़ाया। शुरुआती वर्षों में बिहार और उत्तर भारत से जुड़े परिवारों की भागीदारी अधिक रहती थी, लेकिन समय के साथ स्थानीय नागरिक भी इससे जुड़ते चले गए। आज छठ महापर्व किसी एक समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे शहर की साझा सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक समरसता का प्रतीक बन चुका है।

विशाल स्थायी छठ घाट बनी बिलासपुर की विशेष पहचान
अरपा नदी के तोरवा तट पर विकसित स्थायी छठ घाट अपनी विशालता और व्यवस्थाओं के लिए विशेष पहचान रखता है। इसे एशिया के सबसे बड़े मानव निर्मित स्थायी छठ घाट के रूप में पहचान मिली है। यहां एक साथ बड़ी संख्या में व्रती सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर सकते हैं। स्थायी घाट होने के कारण प्रत्येक वर्ष श्रद्धालुओं को व्यवस्थित पूजा स्थल उपलब्ध होता है।

सूप, दउरा और ठेकुआ में सहेजी गई लोकसंस्कृति :छठ महापर्व की खूबसूरती उसकी पारंपरिक पूजा सामग्री और लोक परंपराओं में भी दिखाई दी। बांस से बने सूप और दउरा में मौसमी फल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ और अन्य प्रसाद सजाए गए। घरों में शुद्धता और पारंपरिक नियमों के साथ तैयार किया जाने वाला ठेकुआ इस पर्व का विशेष प्रसाद है। छठी मैया की महिमा और सूर्यदेव की आराधना से जुड़े लोकगीतों ने घाट के वातावरण को और भी भक्तिमय बना दिया। इन परंपराओं के माध्यम से नई पीढ़ी तक लोकसंस्कृति की विरासत पहुंच रही है।

छठ महापर्व के सामूहिक आयोजन में पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज और सहजानंद समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा के साथ संरक्षक एसपी सिंह, बीएन झा, बृजेश सिंह, अशोक झा, गणेश गिरी, विजय ओझा, एसके सिंह, अभय नारायण राय, धर्मेंद्र दास, विनोद सिंह, राम प्रताप सिंह, सुधीर झा, रौशन सिंह, धनंजय झा, लव ओझा, दिलीप चौधरी, कुमुद सिंह, चंद्र किशोर प्रसाद, राजीव गिरी, सतीश सिंह, प्रशांत सिंह, शशि मिश्रा, सतीश सिंह, मुकेश झा, अमरकांत तिवारी, शौलेंद्र सिंह, जितेंद्र ठाकुर, निर्भय चौधरी, रामसखा चौधरी, आशीष चौधरी, रुपेश कुशवाहा, प्रकाश देबनाथ, आनंद झा, राहुल सिंह और आकाश झा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटे रहे।
