बिलासपुर। स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर एसईसीएल ने विशेष पहल की। विशेष अभियान-6 एवं स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत इंदिरा विहार हेल्थ सेंटर में संविदा सफाई कर्मियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में महिला सफाई कर्मियों सहित इंदिरा विहार कॉलोनी में कार्यरत सफाई कर्मियों की स्वास्थ्य जांच की गई।

शिविर में ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, ईसीजी, लिपिड प्रोफाइल, किडनी फंक्शन टेस्ट, ब्लड टेस्ट और पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (PFT) सहित विभिन्न जांचें की गईं। चिकित्सकों ने स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया। जांच रिपोर्ट के आधार पर जरूरतमंद कर्मियों को आगे चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी।

‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ थीम के तहत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चल रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान में सफाई मित्रों की सुरक्षा और सम्मान पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

इसी क्रम में आयोजित स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य सफाई कर्मियों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। लाभार्थियों ने एक ही स्थान पर विभिन्न जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिलने पर पहल की सराहना की।
