बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोक नगर में निर्माणाधीन मकान से आर्टिफिशियल ज्वेलरी, मोबाइल और पावर बैंक चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी के सामान को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे आरोपी कैलाश साहू (27) निवासी अशोक नगर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब 27 हजार रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 25 सितंबर की रात सबिना बेगम अपने परिवार के साथ निर्माणाधीन मकान में सोई थीं। अगले दिन सुबह कपड़ों के बैग से आर्टिफिशियल ज्वेलरी, मंगलसूत्र, पायल के साथ पड़ोसी का मोबाइल और पावर बैंक गायब मिला। शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने अपराध क्रमांक 1387/2026, धारा 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कैलाश साहू को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 2 पावर बैंक, 1 जियो कीपैड मोबाइल, 21 नग बड़ी और 114 नग छोटी सिल्वर रंग की आर्टिफिशियल ज्वेलरी तथा 27 नग सोने के रंग के आर्टिफिशियल मंगलसूत्र बरामद किए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में की गई।
