बिलासपुर। साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) का 42वां स्थापना दिवस 25 नवंबर को कंपनी मुख्यालय बिलासपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दो दिवसीय समारोह के मुख्य कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशकों एवं पूर्व निदेशकों ने शिरकत कर संस्थान की विकास यात्रा से जुड़ी यादें और अनुभव साझा किए। समारोह में सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना एसईसीएल का सर्वोपरि दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सामूहिक प्रयास और समर्पण के साथ कंपनी के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में निदेशक मानव संसाधन बिरंची दास, निदेशक वित्त डी. सुनील कुमार, निदेशक तकनीकी (संचालन) रमेश चंद्र महापात्र सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। पूर्व सीएमडी एम.एन. झा, एम.के. थापर, एम.पी. दीक्षित, ए.के. सिंह, ओम प्रकाश, बी.आर. रेड्डी और प्रेम सागर मिश्रा सहित पूर्व निदेशकों ने ज्ञान साझा सत्र में कंपनी की उपलब्धियों, चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर विचार रखे। इससे पहले शहीद स्मारक, डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा एवं श्रमिक प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। ध्वजारोहण, कॉर्पोरेट गीत और गुब्बारों के विमोचन के साथ स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत हुई।

समारोह के समापन अवसर पर वसंत विहार खेल मैदान में आयोजित सीएमडी अवॉर्ड्स नाइट में उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं विशेष योगदान के लिए कुल 13 पुरस्कार प्रदान किए गए। इनमें स्वच्छता पखवाड़ा 2026, विशेष अभियान 6.0, सर्वश्रेष्ठ क्षेत्रीय महाप्रबंधक, सर्वश्रेष्ठ विभागाध्यक्ष, व्यक्तिगत उत्कृष्टता एवं विशेष योगदान पुरस्कार शामिल रहे। सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए श्रद्धा महिला मंडल को भी सम्मानित किया गया।
