रायगढ़। शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की जांच करने पहुंचे पटवारी के साथ गाली-गलौज और मारपीट कर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला सामने आया है। घरघोड़ा क्षेत्र के ग्राम तिलाईपाली एवं रायकेरा में हुई इस घटना में पुलिस ने एक आरोपी विजय गुप्ता (53) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि उसका भाई प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी अभी फरार है।
जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर को तहसीलदार के निर्देश पर पटवारी शिवानंद गिरी ग्राम नयारामपुर में एनटीपीसी द्वारा आरक्षित स्कूल मैदान के पास स्थित शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की जांच करने पहुंचे थे। मौके पर प्यारीलाल गुप्ता द्वारा शेड का निर्माण कराया जा रहा था। पटवारी ने जांच पूरी होने तक निर्माण रोकने की समझाइश दी, लेकिन आरोप है कि इससे नाराज होकर प्यारीलाल ने गाली-गलौज करते हुए पटवारी के साथ हाथ-मुक्के और डंडे से मारपीट की। इसी दौरान उसका भाई विजय गुप्ता भी मौके पर पहुंचा और मारपीट में शामिल हो गया।

पटवारी की शिकायत पर घरघोड़ा पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने 25 नवंबर को विजय गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। फरार प्यारीलाल गुप्ता की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने और शासकीय कर्मचारियों के साथ मारपीट करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
