बिलासपुर। रतनपुर में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर बेसबॉल स्टिक, धारदार फरसा और मोटे डंडे से जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी विकल्प दुबे उर्फ निक्कू (26 वर्ष) को रतनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना 30 मई 2025 की है। महामाया चौक के पास ईशांत सारथी अपने साथियों संतोष और करन सारथी के साथ बैठे मोबाइल देख रहे थे। इसी दौरान संकल्प दुबे उर्फ संकू, विकल्प दुबे उर्फ निक्कू और जतिन गोंड़ वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर करन सारथी के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद तीनों ने बेसबॉल स्टिक, फरसा और मोटे बांस के डंडे से उस पर हमला कर दिया, जिससे करन बेहोश होकर गिर पड़ा।

बीच-बचाव करने पहुंचे प्रार्थी ईशांत सारथी, उसके साथियों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई। रिपोर्ट पर रतनपुर पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की थी। मामले में पूर्व में विकल्प दुबे उर्फ निक्कू और तरुण कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने का उल्लेख है। वहीं फरार आरोपी के घर आने की सूचना मिलने पर पुलिस ने दबिश देकर विकल्प दुबे उर्फ निक्कू को गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
