रायगढ़। प्रतिबंधित नशीली सिरप के अवैध कारोबार के खिलाफ घरघोड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 26 शीशी प्रतिबंधित ओनेरेक्स कफ सिरप बरामद की गई है, जिसकी कुल मात्रा 2600 एमएल और कीमत 41,247 रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 24-25 नवंबर की दरम्यानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति घरघोड़ा-लैलूंगा मार्ग स्थित ढोरम बाईपास तिराहा के पास नशीली सिरप लेकर ग्राहक तलाश रहे हैं। घेराबंदी कर पुलिस ने कन्हैया यादव (23 वर्ष), निवासी केनापारा, थाना लैलूंगा और तेज राम यादव (34 वर्ष), निवासी कोनपारा, थाना घरघोड़ा को पकड़ा। तलाशी में कन्हैया के पास से 17 और तेज राम के कब्जे से 9 शीशी, कुल 26 शीशी प्रतिबंधित सिरप बरामद हुई।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एएसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
