बिलासपुर में हज़रत तेग अली शाह रहमतुल्लाह अलैह के 69वें सालाना उर्स के मुबारक अवसर पर 28 नवंबर को कुल हिन्द तेगी कॉन्फ्रेंस एवं जलसा 2026 का आयोजन किया जाएगा। तेगी कमेटी, जोनल इकाई बिलासपुर की ओर से आयोजित यह धार्मिक कार्यक्रम शनिवार को स्थानीय ईदगाह मैदान में नमाज़-ए-ईशा के बाद होगा। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से उलेमा-ए-दीन, मशायख़-ए-किराम, सज्जादानशीन और सूफी-संत शिरकत करेंगे।

कार्यक्रम में खानकाह-ए-सुरकाही शरीफ के सज्जादानशीन हज़रत मोहम्मद अली क़ादरी तेगी साहब, हज़रत मोहम्मद उस्मान रज़ा साहब, हज़रत मोहम्मद सैफुल्लाह अलीमी (कोलकाता), मुफ़्ती मोहम्मद आरिफ कुरैशी (बरेली शरीफ), मुबारक हुसैन मुबारक (गिरिडीह), ज़ाकिर इस्माइली (बहराइच शरीफ) और कफील अम्बर (कोलकाता) सहित कई प्रतिष्ठित धार्मिक हस्तियां शामिल होंगी। आयोजन का उद्देश्य आपसी भाईचारे, धार्मिक सद्भाव, इंसानियत, मोहब्बत और खानकाही परंपराओं का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।

तेगी कमेटी ने बिलासपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के अकीदतमंदों और धर्मप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। आयोजन की जानकारी कमेटी के सचिव मोहम्मद इब्राहिम ने दी।
