रायगढ़। जुर्डा रेलवे फाटक के पास मोबाइल की टॉर्च जलाकर 52 पत्ती से काट-पत्ती जुआ खेल रहे चार जुआरियों को चक्रधरनगर पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 7,920 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस को 24 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जुर्डा रेलवे फाटक के पास कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर सीएसपी राहुल उईके के निर्देश पर चक्रधरनगर पुलिस ने घेराबंदी कर दबिश दी और मौके से अजय साहू (35), अजीत दास महंत (26), किशन साहू (25) और नरेंद्र कुमार साव (44) को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी रायगढ़ के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक मनीषा ध्रुवे, एएसआई भागीरथी चौधरी सहित चक्रधरनगर थाने की पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
