रायगढ़। खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम रानीसागर में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शराब पीने की आदत से परेशान पिता की समझाइश बेटे को इतनी नागवार गुजरी कि उसने टंगिया से हमला कर अपने ही पिता की हत्या कर दी। घटना 24 नवंबर की रात करीब 9 बजे की है। मृतक की पहचान धरम उर्फ श्रवण गिरी (65) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बेटे राजकुमार गिरी (36) को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी राजकुमार शराब के नशे में घर पहुंचा था। पिता ने उसे पूजा-पाठ का दिन होने और घर की आर्थिक स्थिति खराब होने के बावजूद रोज शराब पीकर आने पर समझाइश दी। इसी बात पर आरोपी मारपीट करने लगा। बाद में पिता अपनी पत्नी के साथ मामले की शिकायत करने सरपंच के घर जा रहे थे, तभी पीछे से टंगिया लेकर पहुंचे बेटे ने सरपंच के घर के गेट के पास पिता के सिर पर वार कर दिया। जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपी ने सिर और पीठ पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव, थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी राजकुमार गिरी के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने घटना को पारिवारिक विवाद और नशे की लत का दुखद परिणाम बताते हुए लोगों से विवादों को संवाद और कानून के माध्यम से सुलझाने की अपील की है।
