रायगढ़। जिला पुलिस कार्यालय रायगढ़ में आयोजित सेवा सम्मान समारोह में सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) राम सजीवन वर्मा को 34 वर्षों की गौरवपूर्ण, अनुशासित और समर्पित पुलिस सेवा पूर्ण करने पर सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने उन्हें विभाग की ओर से सम्मानित करते हुए उनकी उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना की और स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं।

रक्षित निरीक्षक अमित सिंह ने बताया कि राम सजीवन वर्मा मूलतः रीवा (मध्य प्रदेश) के निवासी हैं। उनका चयन 3 फरवरी 1994 को तत्कालीन बिलासपुर जिले में आरक्षक के पद पर हुआ था। उत्कृष्ट कार्य के आधार पर उन्हें समय-समय पर पदोन्नति मिली। उन्होंने वर्ष 1994 से 1998 तक बिलासपुर, 1998 से 2022 तक कोरबा तथा वर्ष 2022 में सहायक उप निरीक्षक बनने के बाद रायगढ़ जिले में अपनी सेवाएं दीं। रायगढ़ में उन्होंने लंबे समय तक थाना घरघोड़ा में उल्लेखनीय कार्य किया और सेवानिवृत्ति के समय थाना धरमजयगढ़ में पदस्थ थे।

समारोह के दौरान एएसआई राम सजीवन वर्मा ने अपने 34 वर्षों के सेवाकाल के अनुभव, पारिवारिक पृष्ठभूमि और पुलिस सेवा से जुड़े कई प्रेरणादायक संस्मरण साझा किए। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके सरल, सौम्य और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्तित्व की सराहना करते हुए भावभीनी विदाई दी।
