रायगढ़। शादी में आ रही बाधा दूर करने और बीमारी ठीक करने के नाम पर झाड़-फूंक का झांसा देकर महिला का शारीरिक शोषण करने और उससे करीब 6 लाख रुपये वसूलने का गंभीर मामला सामने आया है। घरघोड़ा पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी चंद्र कुमार जायसवाल (45) और उसकी महिला सहयोगी गायत्री मानिकपुरी उर्फ गायत्री महंत (39) को गिरफ्तार किया है। पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने पूजा-पाठ के बहाने उसे घरघोड़ा स्थित किराये के मकान में बुलाया। यहां अभिमंत्रित जल बताकर नींद की दवा मिला पानी पिलाया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसी दौरान मुख्य आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि मार्च 2026 में एक परिचित महिला के माध्यम से उसकी मुलाकात चंद्र कुमार से हुई थी। आरोपी ने हाथ देखकर भविष्य बताने, झाड़-फूंक और पूजा-पाठ से बीमारी ठीक करने तथा विवाह में आ रही बाधाएं दूर करने का भरोसा दिया था। आरोप है कि आरोपी और उसकी महिला सहयोगी ने पूजा-पाठ, हवन और एक कंपनी में काम दिलाने का झांसा देकर अलग-अलग किस्तों में उससे करीब 6 लाख रुपये वसूल लिए। शिकायत करने की बात कहने पर उसे डराया-धमकाया भी गया।

5 नवंबर को मिली शिकायत के बाद मामला घरघोड़ा थाने में दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों की मिलीभगत सामने आई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर चंद्र कुमार जायसवाल और गायत्री मानिकपुरी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू एवं उनकी टीम ने की। एसएसपी ने लोगों से अंधविश्वास और झाड़-फूंक के नाम पर अनजान लोगों के झांसे में नहीं आने तथा किसी भी शोषण की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
