बिलासपुर। शहर के व्यस्त रपटा चौक स्थित हैप्पी स्ट्रीट के पास नगर निगम की लापरवाही राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बनी हुई है। यहां कई दिनों से नाले के किनारे खतरनाक गड्ढा बना हुआ है, वहीं उसके ठीक बाजू में खुला नाला भी दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है। हैरानी की बात है कि आसपास से रोजाना बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है, लेकिन नगर निगम की ओर से अब तक न तो गड्ढे को ठीक कराया गया है और न ही खुले नाले को सुरक्षित करने की पहल की गई है।

इसी लापरवाही के बीच कार क्रमांक CG10BF4559 (किआ) गड्ढे और नाले के बीच अनियंत्रित होकर सीधे खुले नाले में जा घुसी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चला रहा युवक नाबालिग था और उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था। हालांकि, चालक की उम्र और लाइसेंस संबंधी जानकारी की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

सवाल यह भी है कि यदि नाबालिग बिना लाइसेंस कार चला रहा था, तो उसे वाहन की चाबी किसने सौंपी? क्या अभिभावकों को इसकी जानकारी नहीं थी?ऐसे कार चालक पर पुलिस कार्यवाही कब करेगी?

त्योहारी सीजन में शनिचरी बाजार और रपटा चौक जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में यदि इस खुले नाले या गड्ढे की वजह से किसी राहगीर, बच्चे या वाहन चालक की जान चली जाती, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता? आखिर नगर निगम किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों कर रहा है?

सवाल सिर्फ एक कार के नाले में घुसने का नहीं, बल्कि उस लापरवाही का है जो कई दिनों से सड़क पर मौत का खतरा बनकर मौजूद है। निगम को तत्काल गड्ढे की मरम्मत, खुले नाले को ढंकने और सुरक्षा इंतजाम करने चाहिए, ताकि अगला हादसा होने से पहले जिम्मेदारों की नींद टूट सके।
