बिलासपुर। सकरी पुलिस ने ग्राम गिरधौना स्थित मुक्तिधाम के पास जुआ खेल रहे 15 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ताश की पत्तियों पर रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने मौके से 18 हजार रुपये नकद और ताश की पत्तियां जब्त की हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जुआ-सट्टा के खिलाफ कार्रवाई के लिए मुखबिर सक्रिय किए गए थे। इसी दौरान 7 नवंबर को सूचना मिली कि गिरधौना मुक्तिधाम के पास जुए का फड़ संचालित हो रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी संजय सिंदे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर अशोक साहू, शिवा विश्वकर्मा, रामकुमार यादव, मानसिंह, बुचनू यादव, दिलहरण सिंगरौल, शिवकुमार सारथी, तीजराम साहू, जितेंद्र जायसवाल, वीरेंद्र सिंगरौल, शीतल सिंगरौल, छोटेलाल खूसरो, रोहित सिंगरौल, भूपेंद्र कौशिक और धर्मेंद्र रजक को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में की गई। सभी 15 आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई है।
