02 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर /राजधानी रायपुर
रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ी सिनेमा प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। बहुप्रतीक्षित छॉलीवुड फिल्म ‘मोला लव होगे’ 8 मई को पूरे छत्तीसगढ़ में एक साथ रिलीज होने जा रही है। अनोखे कॉन्सेप्ट, शानदार लोकेशन और पारिवारिक मनोरंजन से सजी इस फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

फिल्म के निर्माता-निर्देशक अनुज राजवैद्य ने बताया कि ‘मोला लव होगे’ को छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और पारिवारिक मूल्यों को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। फिल्म की शूटिंग प्रदेश के खूबसूरत प्राकृतिक स्थलों पर की गई है, जिससे दर्शकों को स्थानीय परिवेश का जीवंत अनुभव मिलेगा।
फिल्म की स्टारकास्ट भी इसकी बड़ी ताकत मानी जा रही है। इसमें छॉलीवुड सुपरस्टार अनुज शर्मा के साथ राजेश अवस्थी, अनिकेत विश्वास और पूजा शर्मा जैसे जाने-माने कलाकार नजर आएंगे। खास बात यह है कि फिल्म में नए और अनुभवी कलाकारों का बेहतरीन संतुलन देखने को मिलेगा, जो इसे और भी खास बनाता है।

संगीत के मामले में भी फिल्म मजबूत नजर आ रही है। अनुज तिवारी, प्रतीक साहू और ओमकार वैष्णव के संगीत निर्देशन में तैयार गानों को शेख अमीन, अनुज शर्मा, सुनिता साहू, कंचन जोशी और दीक्षा राजपूत ने अपनी आवाज दी है। रिलीज से पहले ही फिल्म के गीत दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो रहे हैं।
फिल्म की कहानी एक ऐसे युवा के इर्द-गिर्द घूमती है, जो सच्चे प्यार की तलाश में कई उतार-चढ़ाव से गुजरता है। इसमें रोमांस, इमोशन, कॉमेडी और ड्रामा का शानदार मिश्रण देखने को मिलेगा, जो हर वर्ग के दर्शकों को आकर्षित करेगा।
निर्देशक अनुज राजवैद्य की यह दूसरी छत्तीसगढ़ी फिल्म है। इससे पहले उनकी फिल्म ‘बंधन’ को भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। ऐसे में ‘मोला लव होगे’ से भी इंडस्ट्री को नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
फिल्म को पूरी तरह साफ-सुथरे पारिवारिक मनोरंजन के रूप में तैयार किया गया है। 8 मई को यह फिल्म प्रदेश के सभी प्रमुख मल्टीप्लेक्स और सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जहां दर्शक इसे अपने परिवार के साथ एंजॉय कर सकेंगे।
