08 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़, 8 अगस्त 2026। एसईसीएल धरमखदान में ट्रांसफार्मर के पार्ट्स, केबल, पानी पंप की बॉडी और लोहे के पाइप चोरी करने वाले गिरोह का छाल पुलिस ने महज 24 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब ₹1.20 लाख का चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल तीन मोटरसाइकिल समेत कुल करीब ₹3 लाख का मशरूका बरामद किया है।

जानकारी के मुताबिक 6 अगस्त की रात करीब 8 से 11 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने धरमखदान में लगे ट्रांसफार्मर के पार्ट्स, केबल, पानी पंप के पार्ट्स और लोहे के पाइप चोरी कर लिए। आरोपियों ने ट्रांसफार्मर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। सुरक्षा प्रहरी दिलीप कुमार राठिया की रिपोर्ट पर छाल थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर संदिग्धों और चोरी के सामान की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि खेदापाली चौक के पास कुछ संदिग्ध लोग लोहे के पाइप, ट्रांसफार्मर केबल और अन्य सामान बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छह संदिग्धों को धर दबोचा।
पूछताछ में आरोपियों ने धरमखदान से चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपियों ने बताया कि चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिलों को चंद्रशेखरपुर (एडू) स्थित धरमखदान डम्पिंग यार्ड के पीछे मॉड नदी के किनारे छिपाकर रखा गया था।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ट्रांसफार्मर केबल, लोहे के पाइप, ट्रांसफार्मर पार्ट्स एवं एंगल, पानी पंप की दो लोहे की बॉडी समेत अन्य सामान बरामद किया। साथ ही स्प्लेंडर, बजाज सीटी-100 और एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं। बरामद चोरी के सामान की कीमत करीब ₹1.20 लाख और तीन मोटरसाइकिलों की कीमत करीब ₹1.80 लाख आंकी गई है।
पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर मामले में संगठित अपराध से संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी
दीपक पात्रो, उम्र 42 वर्ष, राताखार, कोरबा
शनिचराम अरमु, उम्र 22 वर्ष, कांसामार, कटघोरा
भारत सिंह मरकाम, उम्र 42 वर्ष, पाथा, बांगो
टुपाल सिंह मरावी, उम्र 30 वर्ष, पाथा, बांगो
रूपभवन सिंह उइके, उम्र 28 वर्ष, पाथा, बांगो
छतन धनवार, उम्र 28 वर्ष, सराईपाली, बाल्को
₹3 लाख का मशरूका बरामद
पुलिस ने ट्रांसफार्मर केबल वायर, ट्रांसफार्मर पार्ट्स व एंगल, लोहे के पाइप, पानी पंप की दो लोहे की बॉडी, तीन मोटरसाइकिल और आरीपत्ती ब्लेड जब्त किया है। कुल बरामद मशरूका करीब ₹3 लाख का है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान सहित पुलिस टीम के अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि चोरी, संपत्ति संबंधी अपराध और संगठित अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस की त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी। औद्योगिक संस्थानों और आमजन की संपत्ति की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर
प्रधान संपादक
