बिलासपुर, 08 अगस्त 2026। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने बिलासपुर के सरकंडा में अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम का शुभारंभ किया। खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम के सहयोग से खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा स्थापित यह व्यवस्था सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, आधुनिक और हितग्राही-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम को जनता को समर्पित करते हुए कहा कि तकनीकी नवाचार के माध्यम से राशन वितरण में पारदर्शिता और सुगमता बढ़ेगी। शुभारंभ कार्यक्रम में विधायक श्री सुशांत शुक्ला, महापौर श्रीमती पूजा विधानी और जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी सहित बड़ी संख्या में राशन कार्डधारी हितग्राही, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
आधार आधारित प्रमाणीकरण के बाद चंद सेकंड में मिलेगा राशन
अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम से राशन लेने की प्रक्रिया सरल और सुरक्षित है। हितग्राही मशीन पर आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण यानी अंगूठे के निशान से पहचान सत्यापित करेगा। इसके बाद स्क्रीन पर उपलब्ध राशन और उसकी मात्रा दिखाई देगी। पुष्टि करने के बाद खाली थैला डिस्पेंसर के नीचे रखकर बटन दबाना होगा।
बटन दबाते ही निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न स्वतः मशीन से निकलकर थैले में भर जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में समय की बचत होने के साथ राशन की मात्रा में मानवीय त्रुटि की संभावना भी कम होगी।

लोगों में दिखा खास उत्साह
ग्रेन एटीएम के शुभारंभ के दौरान लोगों में इस आधुनिक व्यवस्था को लेकर खासा उत्साह और जिज्ञासा दिखाई दी। मशीन से राशन वितरण का प्रत्यक्ष प्रदर्शन भी किया गया। हितग्राहियों ने इसकी सटीक तौल, त्वरित वितरण और पारदर्शी प्रक्रिया की सराहना की।

अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम के शुरू होने से सार्वजनिक वितरण प्रणाली में तकनीक आधारित सुधारों को नई गति मिलने की उम्मीद है। शासन का उद्देश्य है कि राशन कार्डधारियों को अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवा उपलब्ध हो तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

कार्यक्रम में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह, निगम आयुक्त श्री प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, खाद्य नियंत्रक श्री अमृत कुजूर, नान जिला प्रबंधक श्री नितिन दीवान, संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम की सुश्री नताशा कुमारी पनवार सहित जनप्रतिनिधि एवं खाद्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
सीजी क्राइम रिपोर्टर
प्रधान संपादक
