बिलासपुर। रात का सन्नाटा टूटने से पहले ही अरपा तट पर आस्था का अद्भुत दृश्य दिखाई देने लगा। सिर पर दउरा और हाथों में पूजन सामग्री से सजे सूप लेकर छठ व्रती परिवार सहित तोरवा छठ घाट पहुंचने लगे। ब्रह्ममुहूर्त से पहले ही घाट श्रद्धालुओं से भर गया। उषा की पहली किरण के साथ अरपा के जल में खड़े होकर व्रतियों ने उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। इसी के साथ 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण हुआ और चार दिवसीय छठ महापर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हो गया।

सोमवार की सुबह अंतिम अर्घ्य के दौरान घाट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। व्रतियों ने बांस के सूप और दउरा में सजे फल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ सहित पारंपरिक प्रसाद के साथ भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना की। सूर्यदेव के स्वागत में हुई आतिशबाजी, छठी मैया के जयकारों और छठ गीतों ने अरपा तट को उत्सवधाम बना दिया। व्रतियों की सुविधा के लिए छठ पूजा समिति की ओर से दूध की व्यवस्था भी की गई। अर्घ्य के पश्चात व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के कठिन निर्जला उपवास का पारण किया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, महापौर पूजा विधानी, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसपी रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, एसईसीएल सीएमडी हरीश दुहन, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह सहित राजेश सिंह ने भी घाट पहुंचकर भगवान सूर्यदेव को नमन किया। पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज और सहजानंद समाज के संयुक्त सहयोग से आयोजित यह महापर्व 26 वर्षों की परंपरा का हिस्सा है।

सामूहिक सहयोग से सफल हुआ आयोजन, समिति ने जताया आभार
छठ पूजा समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा ने छठ महापर्व के भव्य, सुव्यवस्थित और सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी सहयोगियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम, जोन कमिश्नर भूपेंद्र उपाध्याय, पीडब्ल्यूडी, जल संसाधन विभाग, नगर सेना, एनडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल, स्वास्थ्य विभाग, अपोलो हॉस्पिटल, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया सहित सभी छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं का विशेष धन्यवाद किया।

36 घंटे की साधना के बाद हुआ व्रत का पारण
छठ व्रत की परंपरा के अनुसार उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद ही व्रती पारण करते हैं। पूजा संपन्न होने के पश्चात छठी मैया का प्रसाद ग्रहण कर निर्जला उपवास खोला जाता है। ठेकुआ, फल और अन्य प्रसाद परिवार तथा परिचितों में वितरित किए जाते हैं। यह परंपरा तप, संयम, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामूहिक मंगलकामना का संदेश देती है।

भोर की आतिशबाजी और जयकारों से गूंजा अरपा तट
तोरवा छठ घाट पर उगते सूर्य के स्वागत में हुई आतिशबाजी ने सुबह के नजारे को और भव्य बना दिया। आसमान में चमकती रोशनी, घाट पर गूंजते छठी मैया के जयकारे और भक्तिमय गीतों के बीच श्रद्धा और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला।

भोर की आतिशबाजी और जयकारों से गूंजा अरपा तट
तोरवा छठ घाट पर उगते सूर्य के स्वागत में हुई आतिशबाजी ने सुबह के नजारे को और भव्य बना दिया। आसमान में चमकती रोशनी, घाट पर गूंजते छठी मैया के जयकारे और भक्तिमय गीतों के बीच श्रद्धा और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला।
आयोजन में इन सदस्यों का रहा विशेष सहयोग
छठ महापर्व 2026 के सफल आयोजन में समिति अध्यक्ष प्रवीण झा, सचिव विनोद सिंह सहित डॉ. धर्मेंद्र कुमार दास, सुधीर झा, ए.के. कंठ, लव कुमार ओझा, राम प्रताप सिंह, रौशन सिंह, निर्भय चौधरी, धनंजय झा, प्रशांत सिंह, हरिशंकर कुशवाहा, दिलीप चौधरी, डॉ. कुमुद रंजन सिंह, पी.सी. झा, चंद्र किशोर प्रसाद, अजीत पंडित, प्रमोद सिंह, रामसखा चौधरी, मुकेश झा, चंदन सिंह, राजीव गिरी, शशि नारायण मिश्रा, विकास राय, सतीश सिंह, विनोद सिंहा, हेमंत झा, जितेंद्र ठाकुर, परमेंद्र सिंह, अर्जुन सिंह, रविंद्र सिंह, अंबिकेश पांडे, रविंद्र कुशवाहा, शौलेंद्र सिंह, रुपेश कुशवाह, आदित्य सिंह, अक्ष झा, राहुल सिंह और आनंद झा का योगदान रहा।

संरक्षक मंडल में एस.पी. सिंह, व्ही.एन. झा, आर.पी. सिंह, अशोक झा, गणेश गिरी, बृजेश सिंह, एन.पी. शर्मा, एस.के. सिंह, विजय ओझा और अभय नारायण राय शामिल रहे।
