साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान के समापन अवसर पर ऑनलाइन ‘ई-आवास’ पोर्टल का शुभारंभ किया गया। 17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक संचालित इस अभियान के समापन पर एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में पोर्टल का लोकार्पण किया। इस डिजिटल पहल से कर्मचारियों के लिए आवास आवंटन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल, त्वरित और निष्पक्ष बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

पोर्टल के शुभारंभ अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन तथा निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) नृपेंद्र नाथ उपस्थित रहे। सतर्कता विभाग की पहल पर मानव संसाधन एवं सिस्टम विभाग के सहयोग से विकसित इस पोर्टल में ऑनलाइन आवेदन और स्थिति की जानकारी, स्वचालित वरिष्ठता सूची, नियमानुसार आवास आवंटन, डिजिटल आदेश, आवासों की वास्तविक समय की स्थिति, आवास परिवर्तन और पारस्परिक विनिमय जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे आवंटन प्रक्रिया में मानवीय हस्तक्षेप कम होगा और पूरी व्यवस्था डिजिटल अभिलेखों के साथ अधिक जवाबदेह बनेगी।

सीएमडी हरीश दुहन ने पोर्टल के विकास में योगदान देने वाली टीमों को बधाई देते हुए कहा कि यह कर्मचारियों को बेहतर और समयबद्ध सेवाएं देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सतर्कता अभियान के दौरान मिली सीख और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को नियमित कार्य संस्कृति में शामिल करने पर जोर दिया। इस अवसर पर साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।
