08 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/मुंगेली विशेष
मुंगेली/चिल्फी। थाना चिल्फी क्षेत्र के ग्राम सिलतरा में खेत की जुताई को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कांग्रेस सचिव और उसके पुत्र पर लोहे की बरछी से हमला करने तथा मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में पिता-पुत्र दोनों घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, 6 अगस्त 2026 की सुबह करीब 10:50 बजे ग्राम सिलतरा निवासी कांग्रेस सचिव अपने पुत्र दीपेंद्र खाण्डे के साथ तालाब के पास स्थित खेत में गया था। दीपेंद्र ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहा था। इसी दौरान गांव के रामजी बर्मन, रघुवंश बर्मन, कला बाई और सारिका बाई वहां पहुंचे और खेत की जुताई को लेकर दीपेंद्र से विवाद करने लगे।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रघुवंश बर्मन ने लोहे की बरछी से दीपेंद्र के सिर पर वार कर दिया। वहीं रामजी बर्मन द्वारा उसके गाल और होंठ पर हाथ-मुक्कों से मारपीट किए जाने का आरोप है। सारिका बाई पर दीपेंद्र का हाथ पकड़कर गाली-गलौज करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
बेटे के साथ मारपीट होते देख पिता बीच-बचाव करने पहुंचा। आरोप है कि इसी दौरान रामजी बर्मन ने लोहे की बरछी से उसके सिर और बाएं हाथ के पंजे पर हमला कर दिया, जिससे वह भी घायल हो गया।

घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल विवाद की मुख्य वजह खेत की जुताई को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है। पीड़ित पक्ष ने मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर प्रधान संपादक
