07 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। क्षेत्र में अड्डेबाजी, चाकूबाजी और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में धारदार चाकू लेकर घूम रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। खास बात यह है कि लगातार तीन दिनों में आर्म्स एक्ट के तहत यह तीसरी कार्रवाई है।
पुलिस के मुताबिक, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए लगातार पेट्रोलिंग, अड्डेबाजी की जांच और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली जा रही है। इसी दौरान 5 अगस्त को अब्दुल आमीन (19) को गणेश नगर, सिरगिट्टी क्षेत्र से धारदार लोहे के चाकू के साथ पकड़ा गया।
इसके बाद 6 अगस्त को शेष वैष्णव (18), निवासी बोलबम चौक, तोरवा को स्टील के धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं 7 अगस्त को पुलिस ने जगमोहन ध्रुव (35), निवासी रजक मोहल्ला, तोरवा को बोलबम चौक के पास से धारदार चाकू के साथ दबोच लिया।
तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को न्यायालय में रिमांड के लिए पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अड्डेबाजी, चाकूबाजी, संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। संवेदनशील एवं प्रमुख स्थानों पर पुलिस की पेट्रोलिंग और चेकिंग बढ़ाई गई है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
