बिलासपुर/मनेन्द्रगढ़। कोयला खदान में फंसे 65 खनिकों को अपनी जान जोखिम में डालकर सुरक्षित बाहर निकालने वाले महान खान बचाव नायक स्वर्गीय जसवंत सिंह गिल के अदम्य साहस और ऐतिहासिक योगदान को कोल इंडिया ने अनूठे सम्मान के साथ याद किया।

एसईसीएल के हसदेव क्षेत्र अंतर्गत मनेन्द्रगढ़ स्थित खान बचाव केंद्र में 16 नवंबर को कोल इंडिया लिमिटेड का पहला खान बचाव दिवस आयोजित किया गया। इस अवसर पर जसवंत सिंह गिल के पुत्र सरप्रीत सिंह को उनके पिता के अतुलनीय योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

उल्लेखनीय है कि 16 नवंबर 1989 को पश्चिम बंगाल के रानीगंज स्थित महावीर कोलियरी में जलभराव के कारण भूमिगत खदान में फंसे 65 खनिकों को जसवंत सिंह गिल ने विशेष रूप से तैयार इस्पात के कैप्सूल की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला था।

उनके इसी ऐतिहासिक बचाव अभियान पर हिंदी फिल्म ‘मिशन रानीगंज’ भी बनाई गई है। समारोह में एसईसीएल के निदेशक (तकनीकी-संचालन) रमेश चंद्र महापात्र और कोल इंडिया के कार्यकारी निदेशक (सुरक्षा एवं बचाव) सी.पी. गर्ग उपस्थित रहे। एसईसीएल के पूर्व अधीक्षक (बचाव) पी.के. मित्रा को भी बचाव सेवाओं में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में बचाव दल के ध्वजारोहण, उपकरणों के निरीक्षण और बचाव शपथ के साथ शहीद खनिकों एवं बचाव कर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई। विभिन्न ऐतिहासिक बचाव अभियानों पर लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया गया।

निदेशक रमेश चंद्र महापात्र ने बचाव दलों के साहस, समर्पण और तत्परता की सराहना करते हुए खदानों में सुरक्षा व्यवस्था तथा आपातकालीन बचाव क्षमताओं को लगातार मजबूत करने पर जोर दिया। कोल इंडिया का पहला खान बचाव दिवस उन जांबाज कर्मियों के सम्मान का प्रतीक बना, जो दूसरों की जिंदगी बचाने के लिए अपनी जान तक जोखिम में डाल देते हैं।
